Close
भारत

जयपुर में करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दिनदहाड़े हुई हत्या ,श्यामनगर में हमला वरो ने मारी गोली

नई दिल्लीः श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को उनके घर में गोलियों से भून दिया गया। जयपुर के श्याम नगर स्थित उनके घर में मंगलवार सुबह ये घटना घटी। इस हमले के बाद जहां गोगामेड़ी की मौत हो गई तो वहीं एक हमलावर भी क्रॉस फायरिंग में ढेर हो गया। जबकि दो हमलावर भागने में सफल रहे।

सीसीटीवी फुटेज में सामने आया

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कर दी गई। सुखदेव सिंह को श्यामनगर में अपने घर में थे। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि हमलावर उनके साथ बैठे थे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में सुखदेव सिंह पर ताबड़तोड़ कई गोलियां मारी गईं। उन्हें तत्काल मानसरोवर स्थित मेट्रो मास अस्पताल में पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया और कुछ देर बाद ही इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.गोगामेड़ी के घर हुई क्रॉस फायरिंग का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें नजर आ रहा है कि जैसे ही हमलावर भागने लगे, अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद घर में उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने भी अपनी बंदूकों से फायरिंग कर दी। एक हमलावर घर के आंगन में खड़ा रह गया। जिस पर गोलियां बरसाईं गईं तो वह एक झटके में ढेर हो गया।

अजीत सिंह पर भी हमला, गंभीर रूप से हुए घायल

सुखदेव सिंह पर फायरिंग के दौरान वहां मौजूद अजीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उधर, फायरिंग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सभी प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी करवाई गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।घटनास्थल पर पहुंचे जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने कहा कि तीन लोग बाहर से सुखदेव जी से मिलने आए थे। सिक्योरिटी से अनुमति मिलने के बाद तीनों अंदर गए। दस मिनट उनमें बातचीत हुई। इसके बाद सुखदेव जी पर फायरिंग हुई। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है। हमले के समय उनके पास सिक्योरिटी गार्ड खड़ा था, उसे भी गोली लगी है। वह आईसीयू में है। क्रॉस फायर में एक हमलावर की भी मौत हो गई है। उसका नाम नवीन सिंह शेखावत है। मूल रूप से शाहपुरा के पास का रहने वाला है। अभी जयपुर में रह रहा था। दोनों हमलावरों की तलाश में पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। जगह-जगह बैरिकेटिंग कर हमलावरों को तलाशा जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए दो बदमाश

सुखदेव सिंह जिस कमरे में बैठे थे, वहां का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हमलावरों ने बैठकर सुखदेव सिंह से बातचीत की। उस समय वहां चार लोग और मौजूद थे। दो हमलावरों ने बंदूकें निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। सुखदेव सिंह के साथ बैठे एक शख्स को भी गोली मारी गई है। हमले के बाद दो बदमाश बाइक से भागे और दो बदमाशों ने वहां एक स्कूटी सवार को गोली मारी और उससे स्कूटी छीनी। सुखदेव सिंह की SMS अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। चारों बदमाशों में से दो सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

स्कूटर सवार 2 बदमाशों की तलाश

श्याम नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस को स्कूटर सवार दो बदमाशों की तलाश है। दोपहर करीब 1:45 बजे इन बदमाशों ने ही सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर गोलियां बरसाई थीं। राजधानी में चुनावी सरगर्मियों के बीच मंगलवार को इस आपराधिक घटना ने सबको चौंका दिया है। वहीं पुलिस मामले का जल्द खुलासा करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए हाथपैर मार रही है।

घर में घुसकर की गई फायरिंग

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी श्याम नगर स्थित घर में लोगों से मिल रहे थे। वहीं उन्हें और उनके गनमैन नरेंद्र को भी गोलियां मारी गई। सूचना मिलने पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपत नेहरा ने इससे पहले भी सुखदेव सिंह को धमकी दी थी। तब मामले को लेकर जयपुर पुलिस को ज्ञापन सौंपा गया था।

रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बरार ने ली जिम्मेदारी

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रोहित गोदारा कपूरीसर और गोल्डी बरार ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हत्या के कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट वायरल हो गई। इसमें रोहित गोदारा कपूरीसर के अकाउंट से दावा किया गया है कि सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी हम लेते हैं। यह हत्या हमने करवाई है। यह हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था। उन्हें मजबूत करता था। साथ ही पोस्ट में दुश्मनों को धमकी भी दी गई है कि वह भी अपनी अर्थी को तैयार रखें।

अस्पताल में जुट रही भीड़ को पुलिस ने रोका

गोगामेड़ी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। फायरिंग की इस घटना की जानकारी जैसे ही सोशल मीडिया पर लोगों तक पहुंची तो उनके समर्थक और समाज से जुड़े लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में जाने से रोका। वहां भी पुलिस का बंदोबस्त बढ़ाया गया है। इस घटना के बाद अब शहर में माहौल खराब नहीं हो, इसके लिए पुलिस अफसर सक्रिय हो गए।

आनंद पाल एनकाउंटर केस से चर्चा में आए थे गोगामेड़ी

गोगामेड़ी सबसे पहले आनंद पाल एनकाउंटर केस के बाद चर्चा में आए थे। उस समय आनंद पाल के शव को लेकर काफी दिन तक प्रदर्शन हुआ था। गोगामेड़ी इस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे।

अंतिम वीडियो में क्या कहा था?

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या को लेकर राजपूत समाज में खास रोष है। उनके घर और अस्पताल में लोगों का तांता लग गया है। इसी बीच फेसबुक पर पोस्ट उनका अंतिम वीडियो वायरल हो रहा है।

डीजीपी ने सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए

राजस्थान के डीजीपी उमेश मिश्रा ने पुलिस के आलया के बाद के घटनाक्रम पर डीजीपी करीबी नजर बनाए हुए हैं। हत्यारों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की गई है। उन जिलों में खास तौर पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां करणी सेना का व्यापक समर्थन है।

Back to top button