Mumbai : मुंबई पुलिस कमिश्नर का तबादला, हेमंत नागराले बने मुंबई पुलिस के नए कमिश्नर
![Mumbai : मुंबई पुलिस कमिश्नर का तबादला, हेमंत नागराले बने मुंबई पुलिस के नए कमिश्नर](/wp-content/uploads/2021/03/New-Picture-157.jpg)
मुंबई – मुंबई पुलिस के कमिश्नर परमवीर सिंह का तबादला कर दिया गया है। परमवीर सिंह की जगह हेमंत नागराले मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर बनाए गए हैं। परमबीर का तबादला होमगार्ड विभाग में किया गया है। यह जानकारी महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दी है।
परमवीर सिंह के तबादले को उनके डिमोशन के तौर पर देखा जा रहा है। होमगार्ड विभाग में तबादले को सजा के तौर पर देखा जाता है। इससे पहले शीना बोरा केस के दौरान भी राकेश मारिया को मुंबई पुलिस कमिश्नर पद से हटाकर उनका तबादला होमगार्ड विभाग में किा गया था। उस समय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस थे।
मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक रखी कार मिलने के बाद उद्धव सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है। इस मामले की अभी जांच जारी है। परमबीर सिंह बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मामले में जांच की वजह से भी चर्चा में रहे हैं। इससे पहले परमबीर सिंह महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो के चीफ रहने के बाद मुंबई पुलिस कमिश्नर नियुक्त किए गए थे।
परमबीर सिंह ने पुलिस कमिश्नर संजय बर्वे का स्थान लिया था। 1988 बैच के अधिकारी परमबीर सिंह अपने करियर में मुंबई के कई जोन के डीसीपी का पदभार संभाल चुके हैं। वह मुंबई के वेस्टर्न रीजन के एडिशनल कमिश्नर का पद भार भी संभाल चुके हैं। महाराष्ट्र के कई बड़े जिलों में परमबीर सिंह महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
परमबीर सिंह, जिला चंद्रपुर व जिला भंडारा के भी एसपी रह चुके हैं। परमबीर सिंह एटीएस में डिप्टी आइजी के पद का कार्यभार भी संभाल चुके हैं। वे महाराष्ट्र के लॉ एंड ऑर्डर के एडिशनल डीजीपी का पद भी संभाल चुके हैं। ठाणे के पुलिस कमिश्नर रहते हुए परमबीर सिंह ने अपनी टीम के साथ कई आपराधिक मामलों के खुलासे किए थे।
अगर नए मुंबई पुलिस कमिश्नर हेमंत नागराले की बात करें तो वह साल 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने वीएनआईटी नागपुर से इंजीनियरिंग की है और जेबीआईएमएस से उन्होंने फाइनेंस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रैजुएशन किया है। रजौर एएसपी के तौर पर नक्सल प्रभावित चंद्रपुर में उनकी पहली पोस्टिंग हुई थी। उन्होंने राष्ट्रपति पुलिस मेडल, विशेष सेवा मेडल और आंतरिक सुरक्षा पदक भी जीता है।