x
भारत

यूपी में सूरज ने उगली आग, आगरा में पारा 44 डिग्री के पार


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

उत्तर प्रदेश : यूपी में रिकार्ड तोड़ गर्मी का सिलसिला जारी है। ऐसा लग रहा है जैसा सूरज आग उगल रहा है। ताजनगरी आगरा सबसे ज्यादा गर्म रहा। इस सीजन का सबसे गर्म दिन होने के साथ आगरा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रिकार्ड किया गया। यहां पारा 44 डिग्री के पार चला गया। इंसान छोड़िए, पशु-पक्षी तक बेहाल हो गए। दोपहर में सड़कें और बाजार सूने रहे।

मौसम विभाग ने इस बार भीषण गर्मी के आसार जताए थे। इसका सिलसिला मार्च से ही शुरू हो गया। मार्च के अखिरी दिनों से तापमान ने जोर पकड़ना शुरू किया। तब से आगरा सूबे के सबसे पांच गर्म शहरों से बाहर नहीं हो पाया है। सिर्फ एक दिन आगरा छटवें स्थान पर रहा है।

शुक्रवार को सूरज ने आग उगली। सुबह से ही तापमान चढ़ने लगा। दोपहर को सड़कों, बाजारों में सन्नाटे पसर गए। गर्म हवाएं शूल की तरह चुभने लगीं। गला सूखने लगा। बार-बार प्यास लगी। लोग जहां की तहां गर्मी से जूझते रहे। तापमान ने रिकार्ड छलांग लगाई। यह सामान्य से पूरे आठ डिग्री सेल्सियस अधिक होकर 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यानि सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। सूबे में भी आगरा सबसे गर्म रहा। न्यूनतम तापमान अभी इतना अधिक नहीं है। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक होकर 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 43 और न्यूनतम 15 रहा।

इस सीजन सबसे गर्म दिनों का भी रिकार्ड बन गया है। 29 मार्च से लेकर अब तक लगातार लू चल रही है। दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। अब मौसम विभाग ने 12 अप्रैल तक का अलर्ट जारी किया है। यानि लगातार 15 दिनों तक लू चलने का नया रिकार्ड बनने जा रहा है।

शहर के ऐतिहासिक स्मारक ताजमहल, किला, सिकंदरा, एत्माद्दौला निहारने आए सैलानियों पर बुरी बीती। चूंकि सभी स्मारक पत्थरों से बने हुए हैं। यह गर्म होकर धधक गए। सैलानियों के पैर जलने लगे। कपड़ों के अंदर तक जलन महसूस हो रही थी। दोपहिया चालकों को भी गर्म हवाओं के थपेड़े लगते रहे।

Back to top button