Close
रूस यूक्रेन युद्धविश्व

विनित्स्या पर रूस ने रॉकेट बरसाए, एयरपोर्ट तबाह

नई दिल्ली – रूस की ओर से यूक्रेन के खिलाफ छेड़ी गई जंग को अब 11 दिन बीत चुके हैं। यूक्रेनी सेना ने अब तक रूस के लिए गतिरोध की स्थिति बना रखी है। रूस की ओर से यूक्रेन की राजधानी कीव और दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर किए जा रहे हमले नागरिकों की जान लेने के बावजूद यूक्रेनी सेना के हौसले नहीं डिगा पाए हैं। इस बीच खबर आई है कि खारकीव में यूक्रेनी सेना ने पलटवार करते हुए रूसी उपकरणों की 30 यूनिट्स पर कब्जा जमा लिया है। उधर जंग के दौरान बंदी बनाए गए सैनिकों के लिए यूक्रेन बंदीगृहों की व्यवस्था भी कर रहा है। यूक्रेन के मीडिया संगठन कीवपोस्ट ने खबर दी है कि रूस की सेना ने विनित्स्या पर आठ मिसाइलों से हमला किया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि इस हमले में विनित्स्या एयरपोर्ट पूरी तरह तबाह हो गया है। इसके अलावा कीव में आने वाले इरपिन में रूसी सेना पर नागरिकों पर गोलीबारी करने का आरोप भी लगाया है।

रूस के हमले के चलते यूक्रेन के ब्लैक सी बंदरगाह के बंद हो जाने के बाद यहां के सरकार संचालित रेलवे ऑपरेटर ने कहा है हम तात्कालिकता के रूप में रेल के जरिए कृषि निर्यात शुरू करने के लिए तैयार हैं। यूक्रेनी रेलवे ने कहा है कि इस स्थिति से केवल यूक्रेन के लिए ही समस्या नहीं उत्पन्न हो रही है। वैश्विक बाजार में खाद्यान्न के मामले में यूक्रेन की हिस्सेदारी 11 फीसदी और सूरजमुखी के तेल में 55 फीसदी है। वैश्विक खाद्य संकट से बचने के लिए और यूक्रेन के निर्यात को बचाने के लिए हम रेल के जरिए तुरंत कृषि उत्पादों का निर्यात करने के लिए तैयार हैं।

Back to top button