x
राजनीति

मध्य प्रदेश में बीजेपी ने जारी की 5वीं लिस्ट, 92 प्रत्याशियों के नामों का किया एलान


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

नई दिल्लीः मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी एक और सूची जारी कर दी। इस सूची में 92 नामों की घोषणा की गई है। इसमें 12 महिला हैं। चुनाव केंद्रीय समिति की बैठक में शेष 94 नामों पर चर्चा हुई है। इसके बाद ये सूची जारी की गई। बता दें कि गुना और विदिशा से भाजपा ने नाम रोके हैं। प्रदेश की 227 सीटों पर मुकाबला लॉक हो गए हैं।

92 प्रत्याशियों के नामों का किया एलान

बीजेपी ने अपनी इस लिस्ट में कई चौंकाने वाले नाम घोषित किए हैं. बीजेपी ने शिवपुरी विधानसभा सीट से यशोधरा राजे सिंधिया का टिकट काट कर देवेंद्र जैन को उम्मीदवा बनाया है. हालांकि यशोधरा उम्र और स्वास्थ्य का हवाला देकर पहले ही साफ कर चुकी थीं कि वो इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगी. इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को यहां से टिकट दिया जाएगा, लेकिन बीजेपी की लिस्ट ने इन कयासों को दूर कर दिया है. शिवपुरी से बीजेपी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को टिकट नहीं देकर देवेंद्र जैन को अपना प्रत्याशी बनाया है.

बता दें कि भाजपा अब तक कुल 228 नाम पर मुहर लगा चुकी है। 2 सीटों पर नामों का एलान होना बाकी है। गौरतलब है कि भाजपा ने 17 अगस्त को पहली सूची जारी की थी। इसमें 39 नाम थे। फिर दूसरी सूची में भी 39 नाम सामने आए थे। इसमें तीन केंद्रीय मंत्री समेत सात सांसदों को टिकट दिए थे। इस सूची में तीन विधायकों के टिकट काट दिए थे। तीसरी सूची में एक नाम था। चुनावों की तारीख घोषित होते ही भाजपा ने चौथी सूची जारी की थी। चौथी सूची में भाजपा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत 25 मंत्रियों को टिकट दिए थे। 57 प्रत्याशियों की इस सूची में सभी वर्तमान विधायकों को टिकट दिए गए। अब पांचवीं सूची जारी की है। पांचवीं सूची भी कई दिनों से टल रही थी। लगातार कई बैठकों के बाद पांचवी सूची सामने आई है। कई लोग इसे भाजपा की रणनीति भी बता रहे हैं। कहना है कि कांग्रेस की सूची का इंतजार किया जा रहा था।

कांग्रेस कर चुकी 229 सीटों पर नाम तय

बता दें कि कांग्रेस ने नवरात्र के पहले दिन पहली सूची जारी की थी। इसमें 144 नाम थे। गुरुवार देर रात 88 नामों का एलान किया था। इसमें तीन टिकट बदले गए थे। इस तरह कांग्रेस 229 सीटों पर नाम तय कर दिए हैं। बैतूल जिले की आमला सीट पर नाम तय होना बाकी है। यहां से भाजपा योगेश पंडाग्रे का नाम तय कर चुकी है।

आज जारी हुई लिस्ट

भाजपा के 92 प्रत्याशियों में सामान्य के 30, अन्य पिछड़ा वर्ग के 29, अनुसूचित जाति के 16 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 17 प्रत्याशी हैं। वहीं, अब तक घोषित 228 प्रत्याशियों में सामान्य के 78, अन्य पिछड़ा वर्ग के 69, अनुसूचित जाति के 34 और अनुसूचित जनजाति के 47 प्रत्याशी हैं। इसमें 28 महिला और 200 पुरुष उम्मीदवार हैं।

नौ मंत्री में छह को दोबारा मौका, सिंधिया समर्थक ओपीएस भदौरिया का टिकट काटा


भाजपा ने कांग्रेस की सूची आने के बाद अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए छह मंत्रियों को दोबारा टिकट दिया। वहीं, तीन मंत्री के टिकट काटे, उसमें भी बालाघाट में गौरीशंकर बिसेन की जगह उनकी बेटी मौसम बिसेन को प्रत्याशी बनाया। वहीं, शिवपुरी में यशोधरा राजे सिंधिया ने पहले ही स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। उनकी जगह देवेंद्र कुमार जैन को प्रत्याशी बनाया है। मेहंगाव से मंत्री ओपीएस भदौरिया का टिकट काटा है, उनकी जगह राकेश शुक्ला को टिकट दिया गया है। वहीं, महू से मंत्री ऊषा ठाकुर, बमोरी से महेंद्र सिंह सिसोदिया, मुंगावली से बृजेंद्र सिंह यादव, अमरपाटन से रामखेलावन पटेल और शुजालपुर से इंदर सिंह परमार को दोबारा टिकट दिया गया है

भाजपा में शामिल होने वाले इन नेताओं को टिकट

भाजपा ने कांग्रेस विधायक सचिन बिरला को बड़वाह से टिकट दिया है। वहीं, निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल को बालाघाट के वारासिवनी और कांग्रेस से भाजपा कुछ दिन पहले शामिल होने वाले श्रीनिवास तिवारी के बेटे सिद्धार्थ तिवारी को त्योंथर से प्रत्याशी बनाया है।

दो पूर्व सांसद को भी टिकट

भाजपा ने पूर्व सांसद चितामणि मालवीय को अलॉट से प्रत्याशी बनाया है। साथ ही राज्यसभा की पूर्व सदस्य संपतिया उईके को मंडला से चुनाव में उतारा है। इसके अलावा पूर्व मंत्री माया सिंह को ग्वालियर पूर्व से प्रत्याशी बनाया है।

Back to top button