DELHI-NCR में फिलहाल गर्मी से राहत नहीं! इस दिन दस्तक दे सकता है मानसून
नई दिल्ली – दिल्ली में गर्मी का कहर लगातार जारी है। पिछले दिनों हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद एक बार फिर से तपिश काफी बढ़ गई है। वहीं फिलहाल राजधानी में बारिश के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक राजधानी के लोगों को इसी तरह से प्रचंड गर्मी से जूझना पड़ेगा। हर सुबह की शुरुआत के साथ ही तपन भी बढ़ती जाती है।
दिल्ली में चिलचिलाती गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली का पारा अभी और भी विकराल रूप ले सकता है। मतलब और भी भीषण गर्मी से राजधानी के लोगों को जूझना होगा। वहीं 8 जुलाई के बाद गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद दिल्ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आने की उम्मीद है। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य तापमान से 3 डिग्री ज्यादा था।