नई दिल्ली – भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर कम होने लगा है। 63 दिन के बाद देश में 24 घंटे में कोरोना के एक लाख से नीचे केस दर्ज किए गए। मंगलवार को देशभर में 87 हजार 295 लोग कोरोना पॉजिटिव हुए। इससे पहले 5 अप्रैल को 96,563 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। बीते दिन 1 लाख 85 हजार 747 लोग कोरोना से रिकवर हुए, जबकि 2,115 संक्रमितों की जान चली गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक दो करोड़ 89 लाख 9 हजार 975 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से दो करोड़ 71 लाख 59 हजार 180 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। अब तक तीन लाख 50 हजार 186 लोगों की जान जा चुकी है। फिलहाल देश में 14 लाख 01 हजार 609 एक्टिव केस हैं। देश में अब डेली पॉजिटिविटी रेट 6.34 फीसदी हो गई है।
गुजरात में भी कम हुई कोरोना की रफ्तार –
राज्य में सोमवार को 778 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 2,613 लोग ठीक हुए और 11 की मौत हो गई। अब तक 8.17 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.90 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,944 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 16,162 लोगों का इलाज चल रहा है।