x
भारतराजनीति

गोवा के बीच पर दो नाबालिगों का रेप, सीएम बोले- इतनी देर रात तक बाहर क्यों थी लड़कियां, बयान पर गरमाई राजनीति


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

पणजी – गोवा में एक समुद्र तट पर दो नाबालिग लड़कियों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले पर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य विधानसभा में एक विवादित टिप्पणी की है। अब मुख्यमंत्री उस टिप्पणी के लिए विपक्ष की आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। सावंत ने कथित तौर पर कहा था कि माता-पिता को यह आत्ममंथन करने की जरूरत है कि उनके बच्चे रात में इतनी देर तक समुद्र तट पर क्यों थे।

24 जुलाई की रात को दक्षिण गोवा के लोकप्रिय कोलवा बीच पर दो नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार की घटना समाने आई थी। इसके बाद से ही विपक्ष राज्य सरकार पर हमलावर है। इस गंभीर मामले में प्रमोद सावंत की इस टिप्पणी ने उन्हें और ज्यादा परेशानी में डाल दिया है। विपक्ष उनके बयान के बाद से लगातार उनपर निशाना साध रहा है।

गृह विभाग का प्रभार संभालने वाले सावंत ने कहा था कि अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना माता-पिता की जिम्मेदारी है और उन्हें अपने बच्चों खासतौर से नाबालिगों को रात-रात भर बाहर नहीं रहने देना चाहिए। कांग्रेस की गोवा इकाई के प्रवक्ता अल्टोन डी’कोस्टा ने गुरुवार को कहा कि तटीय राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गयी है। उन्होंने कहा, “रात में बाहर घूमते हुए हमें क्यों डरना चाहिए? अपराधियों को जेल में होना चाहिए और कानून का पालन करने वाले नागरिकों को बाहर आजादी से घूमना चाहिए।”

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायक विजय सरदेसाई ने कहा कि यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘नागरिकों की सुरक्षा पुलिस और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। अगर वह हमें सुरक्षा नहीं दे सकते तो मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है।’ सावंत ने सदन में कहा था, ‘‘हम सीधे तौर पर पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हैं लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि एक पार्टी के लिए समुद्र तट पर गए 10 युवाओं में चार पूरी रात वहां रुकते है और बाकी के छह घर चले जाते हैं। दो लड़के तथा दो लड़कियां पूरी रात वहां रहे।’’

गौरतलब है कि रविवार को गोवा की राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर बेनॉलिम बीच पर चार लोगों ने अपने आप को पुलिसकर्मी बताकर दोनों लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार किया। उन्होंने लड़कों की पिटायी भी की। चारों आरोपियों में से एक सरकारी कर्मचारी है। सावंत ने विधानसभा में बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Back to top button