Close
भारत

बीकानेर में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत, सफाई करने टैंक में उतरे थे मजदूर

राजस्थान: राजस्थान के बीकानेर जिले में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत हो गई। बताया जाता है कि टैंक में कार्बन डाई ऑक्साइड बनी हुई थी। इससे एक मजदूर बेहोश हो गया। काफी देर तक मजदूर की आवाज नहीं आने पर एक-एक कर उसके 2 और साथी टैंक में उतर गए। दम घुटने से उनकी भी मौत हो गई। इसके बाद कृष्णा राम तीनों को बचाने के लिए उतरा। उसकी भी मौत हो गई। मजदूर सफाई के लिए टैंक में उतरे थे। फैक्ट्री मालिक ने मजदूरों को बाहर से बुलाया था। एक-एक कर चारों मजदूर टैंक में उतरे और उनकी मौत हो गई। जिले के बीछवाल थाना इलाके के करणी इंडस्ट्रियल एरिया में यह दर्दनाक हादसा हुआ। करणी इंडस्ट्रियल एरिया में भगवान मल सुराणा की ऊन फैक्ट्री में बने सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए मजदूर लालचंद, कालूराम, चोरी लाल, कृष्णा राम गए थे। कृष्णा राम बिहार का निवासी था। शेष तीनों बीकानेर के ही थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार ऊन बनाने के लिए उपयोग में आने वाले धागे धोने के लिए कई तरह के केमिकल यूज करते हैं। इसका पानी इस टैंक में जाता है। इस पानी को साफ करने के लिए तीन मजदूर बाहर से बुलाए थे। स्थानीय लोगों ने देखा कि चारों मजदूर टैंक के अंदर अचेत पड़े थे। मजदूरों को बाहर निकालकर पीबीएम हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद पुलिस- प्रशासन में हड़कंप मच गया है। हॉस्पिटल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है।

घटना पर सीएम अशोक गहलोत ने गहरा दुख जताया है। सीएम गहलोत ने ट्वीट कर लिखा- बीकानेर के बीछवाल क्षेत्र में करणी इंडस्ट्रियल एरिया में ऊन की फैक्ट्री में गैस रिसाव की घटना में 4 श्रमिकों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।

Back to top button