Close
भारत

Cyclone Yaas : भयानक बनता जा रहा यास तूफान! बंगाल की खाड़ी में गए मछुआरों-नाविकों को लौटने की चेतावनी

कोलकाता – तौकते तूफान के बाद अब देश को एक और तूफान यास का सामना करना पड़ेगा। भारतीय तटरक्षक बल के पोत, विमान और दूरस्थ अड्डों ने ‘यास’ तूफान के मद्देनजर चेतावनी प्रसारित करनी शुरू कर दी है। बंगाल की खाड़ी में गए मछुआरों और नाविकों को तट पर लौटने या नजदीकी बंदरगाहों पर सुरक्षा आश्रय लेने के लिए कहा जा रहा है।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, अगले 72 घंटे में तूफान के और मजबूत होने की संभावना है। भारतीय तटरक्षक बल ने बयान में कहा – भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 मई के करीब उत्तरी अंडमान सागर और निकटवर्ती पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। अरब सागर में उठे ताउते तूफान के कुछ दिन बाद बंगाल की खाड़ी में ‘यास’ तूफान आने की संभावना बन रही है। ताउते तूफान गुजरात के विभिन्न इलाकों में कम से कम 53 लोगों की मौत हुई है। तटरक्षक बल के मुताबिक ‘यास’ अगले 72 घंटों में चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।

22 मई को बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य हिस्से पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनेगा, जो चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और 26 मई को ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से टकरा सकता है। इसके बाद अम्फान जैसे एक और तूफान की आशंका गहरा गई है। पश्चिम बंगाल के मछुआरों को 23 मई से कुछ दिनों के लिए समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है और जो समंदर में चले गए हैं, उनसे लौटने की गुजारिश की गई है।

Back to top button