x
विज्ञान

Chandra Grahan : आज लगने जा रहा 580 वर्षों में सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण, जानिए आज कब और कहां दिखेगा इसका असर


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

नई दिल्ली – साल का आखिरी चंद्र ग्रहण आज 19 नवंबर को शुक्रवार के दिन लगने जा रहा है. ये ग्रहण आंशिक चंद्र ग्रहण होगा. आंशिक चंद्र ग्रहण का मतलब है कि चंद्रमा के कुछ ही भाग पर पृथ्वी की छाया पड़ेगी. इस चंद्र ग्रहण को 580 वर्षों में सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण माना जा रहा है. ऐसे में सभी लोगों में इस बात की उत्सुकता है कि इस चंद्र ग्रहण का दीदार वो कर पाएंगे या नहीं.

एमपी बिड़ला तारामंडल के अनुसंधान और अकादमिक निदेशक देबीप्रसाद दुआरी के अनुसार, ये ग्रहण दोपहर 12.48 बजे शुरू होगा और शाम 4.17 बजे समाप्त होगा. दोपहर 2.34 बजे ये ग्रहण पीक पर होगा. इस दौरान चंद्रमा का करीब 97 प्रतिशत हिस्सा पृथ्वी की छाया से ढक जाएगा. इस चंद्र ग्रहण को पूर्वी अफ्रीका, पश्चिमी यूरोप, उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अटलांटिक महासागर और प्रशांत महासागर जैसे कुछ चुनिंदा हिस्सों से देखा जा सकेगा. भारत में ये ग्रहण पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ हिस्सों में देखा जा सकेगा.

वैज्ञानिक रूप से कोई भी ग्रहण एक खगोलीय घटना है. दरअसल पृथ्वी सूर्य की परिक्रमा करती है और चंद्रमा पृथ्वी की परिक्रमा करता है. परिक्रमा करते समय एक समय ऐसा आता है जब पृथ्वी, सूर्य व चंद्रमा तीनों एक सीध में होते हैं. जब पृथ्वी, चंद्रमा और सूर्य के बीच में होती है तो चंद्रमा पर सूर्य की रोशनी नहीं आ पाती और इसे चंद्र ग्रहण कहा जाता है. लेकिन जब चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी के बीच में आता है तो पृथ्वी पर सूर्य की रोशनी नहीं आ पाती, इसे सूर्य ग्रहण कहा जाता है. हालांकि धार्मिक रूप से ग्रहण को एक अशुभ घटना के तौर पर देखा जाता है.

आंशिक ग्रहण वो होता है जब सूरज और चांद के बीच पृथ्वी पूरी तरह न आकर केवल इसकी छाया ही चंद्रमा पर पड़ती है. आंशिक चंद्र ग्रहण के दौरान सूतक मान्य नहीं होता.

Back to top button