नई दिल्ली – रूस की राजधानी मॉस्को से करीब 100 किलोमीटर दूर एक स्कूल में एक छात्र ने खुद को बम से उड़ा लिया। इस छात्र की मौत हो गई है। घटना के वक्त उसके आसपास कई दूसरे स्टूडेंट्स भी मौजूद थे। इनमें से 8 घायल बताए गए हैं, एक की हालत गंभीर है। खुद को बम से उड़ाने वाले स्टूडेंट की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मारे गए छात्र के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।
यह स्कूल करीब 100 साल पुराना है और रूस के सबसे बेहतरीन स्कूल्स में से एक माना जाता है। लोकल टाइम के मुताबिक,मंगलवार को घटना सुबह करीब 8 बजे हुई थी। मारे गए छात्र का अपने कुछ साथियों से विवाद चल रहा था। वो मॉर्निंग प्रेयर्स के दौरान हमला करना चाहता था, ताकि ज्यादा नुकसान हो। हालांकि, बम स्कूल के गेट पर ही फट गया। आठ छात्र घायल बताए गए हैं, इनमें से एक गंभीर है।
रूस की होम मिनिस्ट्री ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। मॉस्को टाइम्स के मुताबिक, मारा गया छात्र राइफल शूटिंग का शौकीन था। उसे स्कूल के कुछ दूसरे स्टूडेंट्स और टीचर्स पसंद नहीं करते थे। इसी वजह से कई बार उसे परेशान भी किया जाता था। हालांकि, उसका रवैया बेहद दोस्ताना और शांत बताया गया है।