IPL 2021 : पहले तो मैच हारी मुंबई इंडियंस, अब आई और बुरी खबर, रोहित शर्मा चोटिल
मुंबई – मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा IPL 2021 के दूसरे हाफ के पहले मुकाबले में नहीं खेले। वे चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मुकाबले से दूर रहे। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई की टीम ने मुंबई इंडियंस को 20 रन से शिकस्त दी। रोहित की गैरमौजूदगी में कायरन पोलार्ड ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में टीम की कप्तानी संभाली।
मैच के दौरान रोहित के नहीं खेलने की वजह सामने आई. मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने कहा कि रोहित को ऐहतियात के तौर पर मैच में नहीं खिलाया गया। उन्होंने कहा, ‘रोहित को पिछले टेस्ट (ओवल) में कुछ मामूली चोट लगी थी इसलिये हमने सोचा कि दो दिन और अतिरिक्त एहतियात बरतते हैं।’ मुंबई इंडियंस की टीम अब 23 सितंबर को अबुधाबी में कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलेगी।
रोहित शर्मा को हाल ही में इंग्लैंड दौरे के दौरान घुटने में मामूली चोट आई थी। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में चौथे टेस्ट में दूसरी पारी में शतक जड़ा था। लेकिन, जब इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी करने आयी तो वह मैदान पर नहीं उतरे थे। रोहित ने ओवल टेस्ट के बाद कहा था, ‘फिजियो का संदेश है कि प्रत्येक मिनट का आकलन करो, ज्यादा दूर मत देखो।’ हालिया समय में रोहित लगातार चोटों से जूझते रहे हैं। आईपीएल 2020 के दौरान वे हैमस्ट्रिंग खिंचवा बैठे थे। इसके चलते कई मैचों से दूर रहे थे।
चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले में सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ के नाबाद अर्धशतक के बाद ड्वेन ब्रावो और दीपक चाहर की शानदार गेंदबाजी से चेन्नई ने मुंबई को 20 रन से हराया। इस जीत से सीएसके अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई। उसकी इस सीजन में आठ मैच में छठी जीत है।