मुंबई – बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इस बार उनकी चर्चा भिलाई कॉन्सर्ट को लेकर हो रही है, जहां से उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो एक फैन को मारते हुए और उसका फोन छीनकर फेंकते हुए दिख रहे हैं। फैन के साथ उनकी ये बदसलूकी देखने के बाद हर तरफ उनकी थू-थू हो रही है।
आदित्य नारायण ने फैन संग की बदसलूकी
आदित्य नारायण छत्तीसगढ़ के कॉलेज में एक कॉन्सर्ट को होस्ट करने गए थे। यहां कई म्यूजिक लवर्स मौजूद थे। इस वायरल वीडियो में आदित्य को शाहरुख कान की फिल्म ‘डॉन’ का गाना गाते हुए देखा जा सकता है।इसी दौरान आदित्य अपना आपा खो बैठते हैं। ऐसा लग रहा है कि वो गा रहे थे और तभी उनकी परफॉर्मेंस रिकॉर्ड कर रहे एक फैन पर उनका ध्यान गया। अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि आखिर आदित्य को कौन-सी बात नागवार गुजरी, लेकिन वो अपने फैन के हाथ पर मारते हुए दिख रहे हैं। वो उसका फोन छीनकर दूर फेंक देते हैं।
आदित्य ने फैन को मारा माइक
वायरल वीडियो में दिखाया गया कि आदित्य गाना गाते हुए अचानक एक फैन के पास गए। इसके बाद अचानक, उन्होंने फैन के हाथ पर माइक से मारा और फिर उसका फोन छीनकर भीड़ में दूर फेंक दिया। फिर बिना कुछ बोले वह गाना गाते हुए स्टेज की तरफ लौट आएं। हालांकि, इस बात का अब तक पता नहीं लग सका है कि आखिर आदित्य ने ऐसा क्यों किया है।
सदमे में दर्शक, हो रही आलोचना
36 साल के आदित्य का ये बुरा बर्ताव देख वहां मौजूद दर्शक सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी इस हरकत की काफी आलोचना हो रही है। लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। एक यूजर ने लिखा, ‘आदित्य नारायण को क्या दिक्कत है? इतना घमंड किसलिए? अपने ही फैंस के प्रति इतना अपमानजनक?’ दूसरे यूजर ने कॉमेंट किया, ‘वो अपने आप को क्या समझता है?’
सोशल मीडिया पर अकाउंट कर दिया हाइड!
आदित्य के इंस्टाग्राम अकाउंट पर सारे पोस्ट हाइड हो चुके हैं। पहले उनके फैंस सारे पोस्ट देख सकते थे, लेकिन अब उन्होंने अकाउंट को प्राइवेट कर लिया है। साथ ही एक पोस्ट छोड़कर बाकी सब डिलीट कर दिया है।
आदित्य पर भड़के यूजर्स
आदित्य नारायण का यह वीडियो सोशल मीडिया के हर एक प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। सभी को उनकी इस हरकत पर गुस्सा आया है और उन्होंने नाराजगी जताई है। एक यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इससे पहले आदित्य ने रायपुर के एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ के साथ भी बदतमीजी की थी।” एक यूजर ने लिखा, “इसे पता नहीं किस बात का घमंड है। बेचारे का फोन फेंक दिया।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “टैलेंट-1%, घमंड-99 %।” इसी तरह अन्य यूजर्स भी नाराज होकर उन्हें कमेंट कर रहे हैं। इससे पहले भी आदित्य नारायण की बदसलूकी का वीडियो कई बार वायरल हुआ है। उन्होंने एक साल पहले रायपुर एयरपोर्ट में चेकिंग के दौरान सुरक्षा कर्मी से बदसलूकी की थी। इसे लेकर भी लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर आदित्य नारायण के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली थी।