x
एशियन गेम्स 2023खेल

Asian Games Medals Tally: चीन है टॉप पर ,भारत 11 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर-देखिए टॉप-10 की लिस्ट


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

नई दिल्लीः एशियन गेम्स 2023 में भारतीय खिलाड़ी शानदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। अभी मुकाबले शुरू हुए दो ही दिन हुए हैं और भारत ने दो गोल्ड अपने नाम कर लिए हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीत लिया है। अब भारत के कुल मेडल 11 हो गए हैं। साथ ही भारत अब एशियन गेम्स 2023 की पदक तालिका यानी मेडल टेबल में टॉप 5 में एंट्री कर गया है। इस बीच अभी बहुत से मुकाबले होने हैं,​ जिसमें भारतीय खिलाड़ी गोल्ड मेडल अपने नाम करने की दावेदारी पेश करेंगे। हांगझोउ में एशियन गेम्स में मेडलों की बरसात हो रही है। भारत ने शनिवार को खाता खोला तो अब आंकड़ा डबल डिजिट में पहुंच चुका है। हालांकि, टैली में चीन टॉपर है। मेजबान का कोई तोड़ नहीं है।

भारतीय दल ने हांगझोऊ में एशियाई खेल 2023 की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। भारत ने पहला पदक 24 सितंबर को जीता था और उसके बाद से जीत का सिलसिला जारी है। 2018 एशियाई खेलों में भारतीय दल ने 570 सदस्यीय मजबूत दल से 80 पदक अर्जित करके एशियाड में अपना सबसे ज्यादा पदक का रिकॉर्ड बनाया था। अब इस संस्करण में, भारतीय टीम को अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ को पार करने की उम्मीद है, जिसमें 100 से ज्यादा पदकों का लक्ष्य रखा गया है। भारत के लिए हांगझोऊ में महिला शूटिंग टीम ने 24 सितंबर को पदक का खाता खोला था।

एशियन गेम्स की मेडल टैली में टॉप 5 में पहुंचा भारत

एशियन गेम्स 2023 के ताजा मेडल टैली की बात की जाए तो वहां पर मेजबान चाइना नंबर एक पर है। चीन के नाम अब तक 32 गोल्ड, 15 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल हो गए हैं। चीन के पास इस वक्त कुल 51 मेडल हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर रिपब्लिक ऑफ कोरिया है। उसने अब तक छह गोल्ड, सात सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल जीत लिए हैं। जापान तीसरे पायदान पर है। जिसके नाम चार गोल्ड, 12 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मेडल हैं। इस देश ने अब तक कुल मिलाकर 24 मेडल अपने नाम किए हैं। उज्बेकिस्तान ने चार गोल्ड, चार सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज समेत कुल 11 मेडल अपने नाम किए हैं। नंबर पांच पर अब हांगकांग चाइना और भारत बराबरी पर हैं। हांगकांग चाइना ने दो गोल्ड तीन सिल्वर और छह ब्रॉन्ज अब तक जीते हैं। उसके कुल मेडल 11 हैं। ठीक ऐसा ही हाल भारत का भी है, इसलिए दोनों को नंबर पांच पर ही रखा गया है। भारतीय खिलाड़ी अब यहां से और गोल्ड मेडल अपने नाम करते हैं तो पदक तालिका में और भी आगे जाने का मौका होगा।

पहले राइफल और उसके बाद महिला क्रिकेट में जीता गोल्ड
भारत ने दूसरे दिन यानी सोमवार को गोल्ड जीतकर आगाज किया। भारत ने 10 मीटर मेंस राइफल (टीम) में वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा और गोल्ड पर निशाना साधा। 1893.7 अंक के साथ टीम इंडिया ने चीन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। चीन ने इस साल 19 अगस्त को बाकू वर्ल्ड चैंपियनशिप में 1893.3 अंक के साथ रिकॉर्ड बनाया था। इसके कुछ ही देर बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को फाइनल में 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। महिला क्रिकेट में श्रीलंका को सिल्वर से संतोष करना पड़ा, वहीं बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया।

भारत के लिए अब तक 19वें एशियाई खेलों में इन एथलीट्स ने जीते पदक

  1. निशानेबाजी, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम: मेहुली घोष, रमिता और आशी चौकसे की शूटिंग टीम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद रजत पदक जीता। उन्होंने 1886 का कुल स्कोर बनाया।
  2. रोइंग मेंस डबल्स स्कल्स: अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह की जोड़ी ने लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स में रजत पदक जीता।
  3. रोइंग, मेंस पेयर: लेख राम और बाबू लाल यादव की जोड़ी ने तीसरे स्थान पर रही और कांस्य पदक अपने नाम किया।
  4. रोइंग, मेंस एट: रोइंग में पदक का सिलसिला जारी रखते हुए भारत ने इस बार पुरुषों की आठ स्पर्धा में एक और रजत पदक जीता।
  5. निशानेबाजी, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत: महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली रमिता जिंदल ने 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में व्यक्तिगत स्पर्धा में 230.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
  6. निशानेबाजी, पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम: दिव्यांश सिंह पंवार, रुद्रांक्ष पाटिल और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की तिकड़ी ने 2023 एशियाई खेलों में भारत को अपना पहला स्वर्ण पदक दिलाया। 1893.7 के स्कोर के साथ, उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में एक टीम के लिए मौजूदा विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।
  7. रोइंग, मेंस कॉक्सलेस फोर: जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत और आशीष कुमार की चौकड़ी ने पुरुषों की चार स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य जीता।
  8. रोइंग, पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स: भारत ने रोइंग में कांस्य पदक जीता। सतनाम, परमिंदर, जाकर और सुखमीत की चौकड़ी फाइनल में 3:6.08 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रही।
  9. पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत: शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, जिन्होंने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में भारत को एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण पदक दिलाया था, उन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
  10. पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम: आदर्श सिंह, अनीश भानवाला और विजयवीर सिद्धू की तिकड़ी 1718 के कुल स्कोर के साथ भारत को कांस्य पदक दिलाया।
  11. महिला क्रिकेट: भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह पहला मौका था, जब भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में भाग लिया। पहले प्रयास में ही टीम इंडिया स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही है।

टेनिस में भारत की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका

टेनिस में भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है. गोल्ड मेडल की दावेदार मानी जा रही रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी की जोड़ी एशियन गेम्स से बाहर हो गई. उज्‍बेकिस्‍तान के खुमोयुन और फोमीन की जोड़ी ने बोपन्‍ना और भांबरी को  6-2, 3-6, 6-10 से मात दी.

गौरतलब है कि पहले दिन की मेडल लिस्ट में भारत 7वें नंबर पर रहा. भारत ने 3 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते. इस तरह भारत को पहले दिन कुल 5 मेडल मिले. इसमें चीन पहले नंबर पर रहा. चीन को पहले दिन कुल 30 मेडल मिले. चीन के खिलाड़ियों ने 20 गोल्ड, 7 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते. कोरिया दूसरे और जापान तीसरे नंबर पर रहा.

Back to top button