Close
आईपीएल 2022खेल

IPL 2022 के आगाज से पहले साथ दिखे धोनी और कोहली

मुंबई – आईपीएल 2022 का आगाज आज से हो रहा है. पहला मैच वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स बीच खेला जायेगा। जहां चेन्नई सुपर किंग्स नए कप्तान रवींद्र जडेजा की अगुवाई में नई शुरुआत करना चाहेगी. वहीं श्रेयस अय्यर भी कोलकाता की पहली बार कप्तानी करने जा रहे हैं. इस बीच प्रैक्टिस सेशन में टीम इंडिया के दो पूर्व भारतीय कप्तान एकसाथ नजर आए। जी हां, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली IPL के पहले मैच से पहले एक साथ दिखे।

बता दें कि CSK और RCB की टीमों का शुक्रवार को एक ही वेन्यू पर प्रैक्टिस सेशन हुआ। इसी दौरान धोनी और कोहली एक साथ नजर आए। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। दोनों की साथ में तस्वीरें ली गई और उन तस्वीरों को RCB के ट्विटर हैंडल से जारी किया गया है। IPL में यह पहली बार होने जा रहा है, जब धोनी और कोहली ने एक साथ अपनी-अपनी टीमों की कप्तानी छोड़ दी है। यह दोनों खिलाड़ी पहली बार अपनी-अपनी टीम के लिए खिलाड़ी के रूप में खेलेंगे। धोनी ने दो दिन पहले ही सीएसके की कप्तानी से इस्तीफा दिया है तो वहीं कोहली ने टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ने के वक्त ही आईपीएल की कप्तानी छोड़ दी थी। चेन्नई की टीम का कप्तान जडेजा को बनाया गया है तो वहीं आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस होंगे।

टीम इंडिया के यह दोनों ही पूर्व कप्तान करीब 10 साल तक एक साथ टीम इंडिया के लिए क्रिकेट खेले हैं। कोहली ने धोनी की ही कप्तानी में अपने इंटरनेशनल क्रिकेट का आगाज किया था। अब तो धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं, लेकिन कोहली का करियर अभी चल रहा है। धोनी ने जब टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ी थी तो कोहली को कमान सौंपी गई थी।

Back to top button