Close
भारत

राज्यपाल ने 24 कैबिनेट मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार किए, जानें नई कैबिनेट के बारे में सब कुछ

आंध्र प्रदेश :आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन ने 24 कैबिनेट मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिया है। इससे पहले राज्य के मंत्रिपरिषद के सभी 24 मंत्रियों ने सात अप्रैल को औपचारिक रूप से इस्तीफा सौंप दिया था। इसके पीछे की वजह मंत्रिमंडल का पुनर्गठन बताई गई थी। नई मंत्रिपरिषद का गठन 11 अप्रैल को किया जाएगा। नए मंत्रिमंडल के गठन में जाति मानदंड की अहम भूमिका होने की संभावना है।

आंध्र में सोमवार को नये मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले 13 नये चेहरों में फिल्म अभिनेत्री आरके रोजा का भी नाम है। अभिनेत्री रोजा नागरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। विधायक के तौर पर अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर रहीं रोजा चित्तूर (पुराना) और तिरुपति (नया) जिलों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं क्योंकि नागरी को दो हिस्सों में विभाजित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के नये मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण सोमवार को सुबह 11.30 बजे होगा।

सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस के प्रवक्ता अबांटी रामबाबूू और गुडीवडा अमरनाथ को पहली बार कैबिनेट में जगह मिलेगी। पी राजन्ना डोरा, मुतयाला नायडू, दाडीशेट्टी राजा, के नागेश्वर राव, के सत्यनारायण, जे रमेश, वी रजनी, एम नगार्जुन. के गोवर्धन रेड्डी और उषा श्रीचरण को नये मंत्रिमंडल में शामिल करने की सूचना है। वाईएसआरसी सूत्रों के मुताबिक नये मंत्रिमंडल में 68 फीसदी मंत्री ओबीसी, एसटी, एससी और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों से होंगे।

वहीं, कैबिनेट में महिला मंत्रियों की संख्या एक से बढ़ाकर चार की जाएगी। मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने वाईएसआरसीपी प्रमुख के रूप में अपने मंत्रिमंडल के इस्तीफे का खुशी से स्वागत किया, उन्होंने दावा किया कि 2024 में आगामी राज्य चुनावों की तैयारी के तहत, यह एक स्वागत योग्य कदम है।

कैबिनेट की अंतिम बैठक खत्म करने के बाद सभी 24 कैबिनेट मंत्रियों ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। रेड्डी ने बुधवार को कैबिनेट से हटाए जा रहे 19 मंत्रियों की अंतिम सूची राज्यपाल को सौंपी। मौजूदा कैबिनेट में पांच डिप्टी सीएम हैं। राज्य में जाति संतुलन बनाने की रणनीति के तहत रेड्डी कैबिनेट में पांच नये उपमुख्यमंत्री रह सकते हैं।

Back to top button