मुंबई – ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ मेकर्स कोशिश में हैं कि दर्शकों की रुचि शो के प्रति बनी रहे। ऐसे में वह कुछ ना कुछ नया ट्विस्ट ला रहे हैं। शो के निर्माता असित मोदी ने हिंट दिया था कि दयाबेन की वापसी होने वाली है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि दयाबेन के रूप में दिशा वकानी होंगी या कोई अन्य एक्ट्रेस दिखेंगी। बहरहाल इन सबके बीच ‘तारक मेहता’ के नए प्रोमो में दयाबेन के आने की झलक दिखाई गई है।
प्रोमो में सबसे पहले एक महिला के पैरों की ओर फोकस किया जाता है जो चल रही होती है। आगे जेठालाल फोन पर बात करते हुए हैरान हो जाते हैं। वह फोन पर सुंदर से बात करते हैं जो कहते हैं कि वह खुद बहना को लेकर आएंगे। जेठालाल जब यह सुनते हैं तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। एकबारगी तो उनके लिए इस पर यकीन करना मुश्किल होता है। वह सुंदर से पूछते हैं कि वह मजाक तो नहीं कर रहे। सुंदर कहते हैं बहना मुंबई वापस आएगी। बता दें कि शो में सुंदर, दयाबेन के भाई हैं।
दिशा वकानी हाल ही में दूसरे बच्चे की मां बनी हैं। ऐसे में उनका आना मुश्किल लग रहा है। दिशा ने 2017 में शो से मैटरनिटी ब्रेक लिया था। उस वक्त उनकी बेटी का जन्म हुआ था। दिशा तब से शो में वापस नहीं लौटीं।