त्रिपुरा – पंजाब के बाद अब त्रिपुरा में कांग्रेस का संकट खड़ा हो गया है। दरअसल यहां कांग्रेस के अध्यक्ष पीयूष कांति बिस्वास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पीयूष कांति का कांग्रेस से इस्तीफा देना पार्टी के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक पीयूष कांति ने इस्तीफे के साथ ही राजनीति से सन्यास लेने का फैसला कर लिया है जबकि कुछ लोगों का कहना है कि वह बहुत जल्द तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
अपने पद से इस्तीफा देने के बाद पीयूष कांति बिस्वास ने कहा- मेरे लिए पद से इस्तीफा देना बहुत दर्दनाक है। मैं सोनिया जी को काफी आभारी हूं, जिन्होंने मुझे पार्टी की सेवा करने का मौका दिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह राजनीति से सन्यास ले रहे हैं और वापस अपने पेशे में जा रहे हैं। बता दें कि, पीयूष कांति बिस्वास पेशे से वकील हैं। हाल ही में उन्होंने आई-पैक की टीम को त्रिपुरा में जमानत दिलाने में मदद की थी।
इससे पहले अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव टीएमसी में शामिल हो गई थीं। कांग्रेस की पूर्व नेता सुष्मिता देव ने कहा कि वह बिना किसी शर्त के तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई हैं।