x
भारत

Chhattisgarh CM: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बने आदिवासी समुदाय से विष्णु देव साय


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

नई दिल्ली – छत्तीसगढ़ में अगला सीएम कौन होगा, इस पर सस्पेंस खत्म हो गया है। 3 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आए इसके बाद बीजेपी नेतृत्व ने नए सीएम का ऐलान कर दिया। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी विष्णु देव साय को सौंपने का फैसला किया है। आज रायपुर में विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी जिसमें विधायकों संग बात की गई। इसी के बाद विष्णु देव साय के नाम पर मुहर लगी। बैठक में आलाकमान से तय किए गए तीनों पर्यवेक्षक भी शामिल थे।

भाजपा ने 54 सीटों पर हासिल की जीत

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया. वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. मुख्यमंत्री पद के लिए विष्णु देव साय के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया. हाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं. पिछले चुनाव 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही.

मुख्यमंत्री के ऐलान के साथ डिप्टी सीएम का भी ऐलान

विधायक दल की बैठक में पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह भी शामिल हुए। रमन सिंह सीएम की रेस में एक प्रबल दावेदार के रूप में पहले नंबर पर थे। विधायक दल की बैठक में शामिल होने से पहले रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डिप्टी सीएम भी बनेंगे। उनके इस बयान से साफ हो गया है कि राज्य में मुख्यमंत्री के ऐलान के साथ डिप्टी सीएम का भी ऐलान होगा। पार्टी से जुड़े नेताओं का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मुख्यमंत्री पद के लिए विष्णुदेव साय के नाम का प्रस्ताव रखा था। वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया। यह भी बताया जा रहा है कि विधायक दल की बैठक के दौरान रमन सिंह के पास एक कॉल आई थी और उन्होंने बाहर जाकर बात की। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह कॉल दिल्ली से आया था।

बीजेपी ने खेला आदिवासी कार्ड

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित मुख्यमंत्री चयन के लिए तय की गए तीन सदस्य रायपुर पहुंचे और उन्होंने विधायकों से एक-एक कर बातचीत करने के बाद बैठक भी की। पर्यवेक्षकों और विधायकों की बैठक के बाद विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला हुआ है। बीजेपी ने राज्य में बड़ा आदिवासी कार्ड खेला है। विष्णु देव राज्य के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और कई बड़ी जिम्मेदारियां का निर्वहन कर चुके हैं।

जाने विष्णु देव साय के बारे में

विष्णु देव साय वर्तमान में कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। साय 1999 से 2019 तक रायगढ़ से सांसद रहे, जबकि राजग के पहले कार्यकाल में साय ने केंद्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। उन्हें केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री का प्रभार दिया गया था। वे 2014 से 2016 तक केंद्र में मंत्री रहे थे। विष्णु देव दो बार छत्तीसगढ़ के भाजपा अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक सफर की शुरुआत 1989 में शुरू की। सबसे पहले वे एक गांव के पंच के रूप में थे। संघ से जुड़े थे। भारतीय जनता पार्टी ने साल 1990 में उनके ऊपर भरोसा जताकर तपकरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक का टिकट दिया गया, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार के सांसद भी चुने गए। साल 1999 से लेकर साल 2014 तक लगातार तीन बार सांसद रहे हैं। इसलिए विष्णुदेव साय को आदिवासी समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है।

Back to top button