मुंबई – लोकप्रिय टीवी सीरियल रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया है। अरविंद त्रिवेदी का बीती रात 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। अरविंद त्रिवेदी के भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थे, लेकिन उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया,जिसके बाद उनका निधन हो गया। अरविंद त्रिवेदी का अंतिम संस्कार आज मुंबई में किया जाएगा।
रावण के अलावा कई और किरदार के लिए भी अरविंद्र त्रिवेदी को जाना जाता है। लेकिन जिस तरह से रावण के किरदार को अरविंद त्रिवेदी ने निभाया उसे कोई नहीं भूल सकता है। विक्रम और बेताल में भी अरविंद त्रिवेदी के किरदार को लोगों ने काफी पसंद किया था। अरविंद त्रिवेदी गुजराती सिनेमा में भी तीन दशक तक सक्रिय रहे थे। यहां उन्होंने देश रे जोया दादा प्रदेश जोया में काम किया था, जोकि गुजराती फिल्म की लोकप्रिय फिल्मों में से एक है। अरविंद त्रिवेदी के भाई उपेंद्र त्रिवेदी भी गुजराती सिनेमा में काफी जानामान नाम हैं।