मुंबई – एक्ट्रेस बिपाशा बसु और टीवी के सुपरस्टार करण सिंह ग्रोवर जल्द ही मम्मी-पापा बनने वाले हैं। कुछ ही दिनों पहले से ही बिपाशा बसु (Bipasha Basu) को लेकर यह अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं कि वह मां बनने वाली हैं। खास बात तो यह है कि अब बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर ने खुद ही सोशल मीडिया पर यह ऐलान कर दिया है कि दोनों जिंदगी के एक नए पड़ाव में कदम रखने वाले हैं। बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर ने मैटरनल फोटोशूट से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसमें एक्ट्रेस व्हाइट शर्ट में बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं तो वहीं करण सिंह ग्रोवर उनके साथ पोज देते दिखाई दिए।
बिपाशा बसु ने पोस्ट के जरिए फैंस का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, “आप सभी के अपार प्यार के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। आपकी दुआएं, आपका आशीर्वाद हमेशा ही हमारी जिंदगी का हिस्सा रहेगा। हमारी जिंदगी से जुड़े होने के लिए भी आप लोगों का शुक्रिया। दुर्गा दुर्गा।”
बिपाशा बसु ने करण सिंह ग्रोवर संग मैटरनल फोटोशूट शेयर करते हुए लिखा, “एक नया वक्त, नया चरण, नई रोशनी हमारी जिंदगी से जुड़ी है। हमने ये जिंदगी अकेले शुरू की थी और इसके बाद हम मिले तो दो बने। हम दोनों का इतना सारा प्यार थोड़ा अनफेयर लगा, ऐसे में जो हम दो थे वो जल्द ही तीन बनने वाले हैं। हमारे प्यार से रचा हमारा बच्चा जल्द ही हमसे जुड़ेगा।”