x
रूस यूक्रेन युद्धविश्व

युद्ध का 65वां दिन : जेलेंस्की का दावा- कीव में मिली सामूहिक कब्र, यहां 900 लोग दफन, रूसी सेना ने दागी मिसाइलें


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

यूक्रेन: यूक्रेन के प्रमुख शहर कीव ओब्लास्ट में एक सामूहिक कब्र मिलने की जानकारी सामने आई है। खुद देश के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया है कि शहर में एक और सामूहिक कब्र मिली है, इसमें करीब 900 लोग दफन हैं। यूक्रेन के द कीव इंडिपेंडेंट रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की का कहना है कि कीव ओब्लास्ट में 900 लोगों की एक और सामूहिक कब्र मिली है। जेलेंस्की ने पोलिश मीडिया को यह भी बताया कि लगभग 500,000 यूक्रेनवासियों को अवैध रूप से रूस भेज दिया गया है।

इधर, यूक्रेन युद्ध के 65वें दिन राजधानी कीव के आसपास वाले क्षेत्रों से लौट चुकी रूसी सेना ने एक बार फिर यहां मिसाइलें छोड़ीं। यह कार्रवाई एक दिन पहले ही मॉस्को से यूक्रेन आए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस की यात्रा के दौरान की गई। गुटेरस जब यूक्रेन में फंसे नागरिकों की मदद के लिए राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलने पहुंचे थे तभी कुछ दूरी पर एक मिसाइल गिरी। गुटेरस ने इन हमलों की निंदा की है।

यूएन प्रवक्ता सविआनो अब्रू ने कहा, यह एक युद्धक्षेत्र है लेकिन हमला हमारे करीब होना चौंकाने वाली बात है। उन्होंने नहीं बताया कि यूएन की टीम हमले से कितनी दूर थी, लेकिन सभी सुरक्षित रहे। जेलेंस्की ने हमले की निंदा की है। इससे पहले गुटेरस ने कहा था कि यूक्रेन ‘असहनीय पीड़ा का केंद्र’ बन गया है। यूक्रेनी आपात सेवाओं के अनुसार, रूस ने देश में कई जगहों को निशाना बनाया, जिसमें कीव पर हुआ हमला भी शामिल है। यहां एक आवासीय इमारत और एक अन्य इमारत पर हमले में 10 लोग घायल हो गए।

यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से पोलोन में, बेलारूस से लगी सीमा के पास चेर्निहीव और राजधानी के दक्षिण-पश्चिम में एक बड़े रेलवे हब फास्तिव में विस्फोटों की सूचना मिली। दक्षिणी यूक्रेन में ओडेसा के मेयर ने कहा कि कई रॉकेटों को हवाई सुरक्षा द्वारा बीच में ही गिरा दिया गया। कीव पर हुए हमले ने शहर को हिलाकर रख दिया। इसमें आवासीय गगनचुंबी इमारतों और एक अन्य इमारत की खिड़कियों से आग की लपटें निकलती देखी गईं।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने बूचा शहर का भी दौरा किया जहां उन्होंने रूसी सेना द्वारा बरती गई क्रूरता की निंदा की। यहां रूसी सैनिकों की वापसी के बाद नागरिकों के सामूहिक नरसंहार के सुबूत मिले थे। गुटेरस ने कहा, युद्ध की सबसे अधिक कीमत आम नागरिकों को चुकानी पड़ती है।

व्हाइट हाउस प्रवक्ता जेन साकी ने कहा है कि यूक्रेन के मुद्दे पर अमेरिका की भारत के साथ वार्ता जारी है और अगले महीने जापान में होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन में भी इस पर बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा, युद्ध में यूक्रेनी लोगों की मदद के लिए भारतीय नेताओं से हमारी चर्चा जारी है चाहे वह हमारे द्वारा लगाए गए प्रतिबंध हों या हमारी सहायता हो। हम बैठक में ये बातें रखेंगे। क्वाड में ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान व अमेरिका शामिल हैं।

अमेरिकी सीनेट ने यूक्रेन व अन्य पूर्वी यूरोप के देशों को रूसी हमले से लड़ने के लिए अमेरिकी उपकरण प्रदान करने के लिए द्वितीय विश्व युद्ध के सैन्य ऋण-पट्टा कार्यक्रम को व्यवस्थित करते हुए एक बिल को अंतिम रूप दिया। यह बिल 417-10 मतों के भारी बहुमत से पारित हुआ। अब कानून बनाने के लिए राष्ट्रपति के अंतिम हस्ताक्षर होना है। इस बीच, बाइडन ने अमेरिकी कांग्रेस से यूक्रेन के लिए 33 अरब डॉलर मांगे हैं। इनमें से 20 अरब डॉलर सैन्य मदद के लिए, 8.5 अरब डॉलर यूक्रेनी सहायता के लिए और शेष राशि लोगों की मदद के लिए दी जाएगी।

Back to top button