x
भारत

मुंबई में दो गुटों में तनाव: उपद्रवियों ने दो दर्जन से अधिक गाड़ियों में की तोड़फोड़, 40 के खिलाफ केस


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

मुंबई : ईशान्य मुंबई के मानखुर्द इलाके में देर रात करीब दो दर्जन गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटना के बाद दो गुटों के बीच तनाव बढ़ गया। इस इलाके में 25 से 30 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इस आरोप में पुलिस ने 40 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल, हालात नियंत्रण में हैं।

मानखुर्द थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार की रात में हुई जिसमें एक शख्स जख्मी हुआ है। रात करीब 10 बजे 40- से अधिक लोग मानखुर्द के पूनम नगर स्थित म्हाडा कालोनी पहुंचे और कथित रूप से वहां खड़े ऑटो, टैक्सी व निजी कारों और दो पहिया वाहनों को निशाना बनाया। आरोपियों ने बांस के डंडे और तलवार से हमला किया। पुलिस को शक है कि आरोपी पाल के इलाके के ही रहने वाले हैं।

पुलिस ने इसे दो समुदायों के बीच नहीं बल्कि दो गुटों में आपसी विवाद का नतीजा बताया है। इस हमले में अब्दुल्ला याकूब शेख (32) नामक व्यक्ति जख्मी हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ ऐक्शन में आई और अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा भड़काने व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

इस घटना के बाद सोमवार को सुबह मुंबई के पुलिस आयुक्त संजय पांडेय और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) विश्वास नागरे पाटिल और अन्य पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को सुबह घटनास्थल का दौरा किया और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाऩे के निर्देश दिए।

गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र में जाति और धर्म के नाम पर दंगा भड़काने का प्रयास शुरू है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ियां पैदा करने और तनाव फैलाने की घटना में जो भी लिप्त पाया जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पाटिल ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Back to top button