x
आईपीएल 2024खेल

रोहित शर्मा ने रचा इतिहास ,टी20 में 500+ छक्के लगाने वाले बने पहले भारतीय


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

नई दिल्लीः इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 29वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ इस मैच में अपनी पारी का तीसरा छक्का लगाते ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 500 छक्के पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 5वें और भारत के केवल पहले खिलाड़ी बने हैं। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

रोहित छक्कों के मामले में बादशाह

रोहित ने 63 गेंद में 11 चौके और पांच छक्के की मदद से 105 रन की पारी खेली। मैच के दौरान तीसरा छक्का लगाते ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में 500 छक्के भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले भारत के पहले और दुनिया के पांचवें खिलाड़ी बन गए। रोहित के फिलहाल टी20 क्रिकेट में 419 पारियों में 502 छक्के हैं। इनमें से उन्होंने 272 छक्के आईपीएल में लगाए हैं। उनसे पहले क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, आंद्रे रसेल और कॉलिन मुनरो ऐसा कर चुके हैं। गेल के नाम 455 टी20 पारियों में 1056 छक्के थे।

रोहित ने जड़ा दूसरा IPL शतक

रोहित ने मुकाबले में 63 गेंद का सामना किया और 105 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 166.67 की रही। यह उनके IPL करियर का दूसरा शतक रहा। अब टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी की छक्कों की संख्या 502 हो गई है। रोहित की इस शानदार पारी के बावजूद मुकाबले में MI को 20 रन से हार मिली। इस सीजन रोहित का यह पहला 50+ स्कोर भी था।

मुंबई के लिए दो शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं रोहित

रोहित का यह आईपीएल में दूसरा शतक रहा। वहीं, वानखेड़े में आईपीएल में उन्होंने पहला शतक लगाया। इससे पहले 2012 में हिटमैन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डेन्स में नाबाद 109 रन की पारी खेली थी। वहीं, यह मुंबई इंडियंस की ओर से यह आईपीएल में सातवां शतक रहा। रोहित मुंबई के एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने आईपीएल में एक से ज्यादा शतक लगाए हैं। उनके अलावा सनथ जयसूर्या, सचिन तेंदुलकर, लेंडल सिमंस और कैमरन ग्रीन एक-एक शतक लगा चुके हैं।

इन बल्लेबाजों ने जड़े हैं टी-20 क्रिकेट में 500 छक्के

टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के क्रिस गेल (1,056) ने लगाए हैं। वह दुनिया के एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इस फॉर्मेट में 1,000 से ज्यादा छक्के लगाए हैं। दूसरे स्थान पर किरोन पोलार्ड हैं। उन्होंने 660 मैच में 860 छक्के लगाए हैं। आंद्रे रसेल ने 486 मुकाबलों में 678 छक्के और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कॉलिन मुनरो ने 428 मुकाबलों में 548 छक्के लगाए हैं। रोहित के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली (383) हैं।

ऐसा करने वाले रोहित तीसरे खिलाड़ी

हालांकि, रोहित की पारी मुंबई के काम नहीं आ सकी और टीम मैच हार गई। यह आईपीएल में तीसरी बार है जब किसी खिलाड़ी ने असफल रन-चेज में शतक जड़ा हो। इससे पहले 2010 में राजस्थान रॉयल्स से खेलने वाले यूसुफ पठान ने मुंबई के खिलाफ ब्रेबॉर्न स्टेडियम में 37 गेंद में 100 रन की पारी खेली थी। हालांकि, उनकी आरआर टीम मैच हार गई थी। वहीं, 2021 में राजस्थान रॉयल्स के ही संजू सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ वानखेड़े में 63 गेंद में 119 रन की पारी खेली थी। संजू की भी टीम यह मैच हार गई थी। रोहित तीसरे खिलाड़ी हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित ने 151 मुकाबले खेले हैं। इसकी 143 पारियों में 31.79 की औसत और 139.97 की स्ट्राइक रेट से 3,974 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 29 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 121* रन रहा है। रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 190 छक्के लगाए हैं। वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। दूसरे स्थान पर मार्टिन गप्टिल (173) और तीसरे स्थान पर ग्लेन मैक्सवेल (127) हैं।

पिछले छह मैचों में सीएसके की पांचवीं जीत

यह चेन्नई सुपर किंग्स की इस सीजन घर से बाहर पहली जीत रही। टीम अब तक अपने छह में से चार मैच जीत चुकी है और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, मुंबई की टीम छह में से चार मैच हार चुकी है और सिर्फ दो में जीत सकी है। आईपीएल 2021 के दूसरे लेग से लेकर अब तक चेन्नई की यह मुंबई पर पिछले छह मैचों में पांचवीं जीत है। आईपीएल 2021 के दूसरे लेग से पहले सीएसके ने एमआई के खिलाफ आठ में से सात मैच गंवाए थे।

वनडे क्रिकेट में तीसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं रोहित

रोहित ने वनडे क्रिकेट में 262 मुकाबले खेले हैं। इसकी 254 पारियों में 36 बार नाबाद रहते हुए 10,709 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 31 शतक और 55 अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में 323 छक्के लगाए हैं। वनडे में उनसे ज्यादा छक्के सिर्फ गेल (331) और शाहिद अफरीदी (351) के बल्ले से निकले हैं। महेंद्र सिंह धोनी इस मामले में 5वें स्थान पर हैं। उन्होंने 350 मैच में 229 छक्के जड़े हैं।

पथिराना ने भी बनाया रिकॉर्ड

चेन्नई सुपर किंग्स के 21 साल के युवा तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 28 रन देकर चार विकेट झटके। वह सीएसके के लिए फोर विकेट हॉल यानी पारी में चार विकेट लेने वाले सबसे युवा तेज गेंदबाज बन गए। उनकी उम्र 21 साल 118 दिन है। इससे पहले यह रिकॉर्ड महीश तीक्ष्णा के नाम था। उन्होंने 2022 में आरसीबी के खिलाफ 33 रन देकर चार विकेट झटके थे। तब तीक्ष्णा की उम्र 21 साल 254 दिन थी।

IPL में रोहित के कुछ अन्य शानदार रिकॉर्ड्स

रोहित ने IPL में 19 मैन ऑफ द मैच पुरस्कार जीते हैं, जो किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक है। गौरतलब है कि धोनी और कोहली के नाम 17-17 पुरस्कार हैं। कुल मिलाकर रोहित इस मामले में केवल एबी डिविलियर्स (25) और गेल (22) से पीछे हैं।

Back to top button