x
खेल

T20 World Cup 2021 : MS Dhoni को बनाया गया टीम इंडिया का मेंटॉर, जानें इससे टीम को क्या होंगे फायदे


सरकारी योजना के लिए जुड़े Join Now
खबरें Telegram पर पाने के लिए जुड़े Join Now

नई दिल्ली – भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा की अगुआई वाली चयन समिति की बुधवार को मुंबई में हुई बैठक में भारतीय स्क्वॉड का चयन किया गया। टी20 वर्ल्ड कप 17 अक्टूबर से ओमान और यूएई में खेला जाएगा। इसका फाइनल 14 नवंबर को होगा। विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय चयनकर्ताओं ने बेहद ही संतुलित टीम चुनी है। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण किया गया है।

हालांकि कुछ चौंकाने वाले फैसले भी किये गए हैं जिसमें रविचंद्रन अश्विन की वापसी शामिल है जो पूरे 4 सालों के बाद टी20 टीम में चुने गए हैं। साल 2017 में अश्विन ने आखिरी बार टी20 खेला था और अब उन्हें अचानक टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुना गया है। उनके अलावा महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को टीम इंडिया का मेंटॉर बना दिया गया है जो कि बीसीसीआई के मास्टर-स्ट्रोक के तौर पर देखा जा रहा है।

धोनी से टीम इंडिया को होगा फ़ायदा –
टी20 वर्ल्ड कप में महेंद्र सिंह धोनी का अनुभव टीम इंडिया के बहुत काम आने वाला है। टी20 क्रिकेट की बात करें तो धोनी ने 98 टी20 इंटरनेशनल और 211 आईपीएल मैच खेले हैं। धोनी ने इन सभी मुकाबलों में विकेटकीपिंग की है। बतौर कप्तान उनके अनुभव की कोई कीमत नहीं। मैच कब, कहां और कैसे करवट बदल सकता है ये धोनी से ज्यादा शायद ही कोई क्रिकेटर जानता हो। टी20 वर्ल्ड कप में धोनी अपने अनुभव के दम पर ही टीम इंडिया को चैंपियन बना सकते हैं।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया ने ऐसे बल्लेबाज टीम में चुने हैं जो किसी भी नंबर पर ताबड़तोड़ रन बना सकते हैं लेकिन किस बल्लेबाज को किस मौके पर भेजना है, उसे किस नंबर पर उतारना है? इन सवालों का जवाब धोनी से ज्यादा शायद ही कोई जानता होगा।

महेंद्र सिंह धोनी भले ही बेहतरीन बल्लेबाज और विकेटकीपर हैं लेकिन उन्हें गेंदबाजों का कप्तान कहा जाता है। दरअसल धोनी की सलाह अकसर गेंदबाजों के काम आती है। चाहे वो युजवेंद्र चहल हों, कुलदीप यादव हों, दीपक चाहर हों या फिर शार्दुल ठाकुर। ये सभी गेंदबाज अपनी सफलता में धोनी का बेहद अहम योगदान मानते हैं। धोनी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के दौरान अपनी सलाह से गेंदबाजों की धार और ज्यादा तेज कर सकते हैं।

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए बेहद मजबूत स्क्वाड तो चुना है लेकिन, किन खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में होना चाहिए और किसे बाहर ये फैसला करना भी बेहद अहम है। धोनी, विराट और रोहित शर्मा मिलकर मजबूत और संतुलित प्लेइंग इलेवन चुन सकते हैं।

महेंद्र सिंह धोनी की सबसे बड़ी खासियत ये है कि वो टीम इंडिया के हर खिलाड़ी को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं। क्या उनकी ताकत है और क्या कमजोरी ये उन खिलाड़ियों से ज्यादा धोनी को पता होता है।

Back to top button